बलदेव। बलदेव विधानसभा विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विधानसभा की जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। विधायक ने नोएडा-आगरा यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव क्षेत्र के पास उतरने-चढ़ने हेतु कट (इंटरचेंज) के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। कट न होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 40 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
विधायक ने कहा कि बलदेव में दाऊजी महाराज का प्रसिद्ध मंदिर व ऐतिहासिक मेला विख्यात है। प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन सीमित संसाधनों व अपर्याप्त बजट से मेले का आयोजन भव्यता से नहीं हो पाता है। उन्होंने दाऊजी के मेले को राजकीय मेला घोषित किए जाने की मांग की। विधायक व भाजपा ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष वीरपाल भरंगर ने कहा कि रुनकता–बलदेव के मध्य यमुना नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य अधूरा होने से ग्रामीणों, किसानों को लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है। पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास स्वयं मुख्यमंत्री ने किया था, लेकिन वर्षों बाद भी निर्माण पूर्ण नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को परीक्षण व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार के सकारात्मक निर्णय से बलदेव क्षेत्र की समस्या का समाधान होगा। संवाद