मांट (मथुरा)। औरैया जनपद की एक युवती को मांट थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से टेलीग्राम के जरिए प्यार हो गया। जब युवक ने बात करना बंद कर दी तो युवती युवक के गांव पहुंच गई और साथ रहने की बात कहते हुए हंगामा किया।
करीब दो वर्ष से युवक और युवती के मध्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर एक कोर्स सस्ते में खरीदने को लेकर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। बातचीत धीरे धीरे प्यार में बदल गयी। पिछले कुछ दिनों से युवक ने युवती से बात करना बंद कर दिया तो रविवार रात युवती युवक के घर पहुंच गई। साथ रहने की जिद करते हुए डायल 112 पर सूचना दे दी। पुलिस युवक-युवती को थाने ले आयी।
देर शाम युवती के परिजन मांट थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि वह कई बार युवक से अनुरोध कर चुके हैं कि वह युवती को फोन न करे। इसके बाद भी युवक नहीं माना। युवती के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री कानपुर में सिविल परीक्षा की तैयारी कर रही है और सस्ता कोर्स खरीदने के लालच में युवक के संपर्क में आ गई। कार्यवाहक थाना प्रभारी भुवनेश दीक्षित ने बताया कि युवती व युवक से पूछताछ की जा रही है। अभी किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।