मथुरा। जनपद के 33 स्थानों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 3624 लोगों द्वारा स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाया गया। मेले का आयोजन 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा 8 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया।
गरीब एवं किसानों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए 79 चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई। इसमें 41 एलोपैथी के तथा 38 आयुष चिकित्सक थे। मेले में 126 व्यक्तियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। इस दौरान सबसे अधिक रोगी चर्म रोग के देखे गए।
सीएमओ डॉ. शेर सिंह ने बताया कि मेले में 3624 व्यक्तियों की जांच की गई। इसमें 462 सांस के रोगी, 159 लीवर के रोगी, 164 मधुमेह के रोगी, 566 पेट के रोगी, 584 चर्म रोगी, 195 कुपोषित बच्चे, 233 गर्भवतियों की जांच की गई।
बलदेव में आरोग्य स्वास्थ्य मेला का उद्घाटन एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किशनपुर पर किया गया। साथ में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेंद्र सिंह सिसौदिया व प्रभारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ. नीरज कुमार, डॉ. प्रदीप त्रिवेदी, डॉ. शिवांगी दीक्षित, कुलदीप सारस्वत, अनिल राठौर थे।