मथुरा। चांदी कारोबारी की हत्या का खुलासा करते हुए गोविंदनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि शराब में नशे की गोलियां मिलाने से उसकी मौत हो गई थी।
थाना गोविंदनगर के मंडी रामदास की गली चौबदारन निवासी नत्थोमल वर्मा का शव चार जनवरी को अपने गोदाम में मिला था। मौके पर पहुंची गोविंदनगर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। एसपी सिटी अशोक मीणा और सीओ सिटी राकेश कुमार ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अमित निवासी मोहल्ला ऊचान (अलीगढ़), राजू उर्फ राजूपाल निवासी गांव हसैना (कासगंज) और विमल यादव उर्फ बिल्ला निवासी गांव नगला सबल (इटावा) हैं। इनके पास से 9500 रुपये, मोबाइल और अमित के कपड़े बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि चांदी कारोबारी से अमित की पुरानी मित्रता थी।
अमित की शादी होने वाली थी। रुपये की जरूरत के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चांदी कारोबारी की हत्या का प्लान तैयार किया था। शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। ओवरडोज होने पर कारोबारी की मौत हो गई। आरोपियों को पकड़ने वालों में एसएचओ अजय कुमार सिंह, एसएसआई अमरपाल सिंह, एसआई मदन सिंह, एसआई शिववीर सिंह, सुनील कुमार, सर्विलांस के राघवेंद्र सिंह और गोपाल सिंह शामिल रहे।