वृंदावन (मथुरा)। पिछले दिन निधिवनराज में दीवार फांदकर फिल्म शूट करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इधर, इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने रोष जताते हुए निधिवनराज मंदिर का गंगाजल से शुद्धिकरण किया।
धर्म रक्षा संघ के तत्वावधान में श्री हरिदास पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर राधा प्रसाद देव जू महाराज के नेतृत्व में निधिवनराज मंदिर का शुद्धिकरण किया। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि गौरव शर्मा एवं उसके साथियों ने जिस प्रकार जूते पहनकर रात में चोरों की भांति निधिवनराज में प्रवेश किया, यह हमारी प्राचीन परंपरा को तोड़ने के साथ हमारी आस्था एवं भावना के साथ खिलवाड़ है। मंदिर के सेवा अधिकारी भीकचंद्र गोस्वामी महाराज ने घटनाक्रम की जानकारी दी।
राधा प्रसाद देव जू महाराज ने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी विधर्मी व्यक्ति ने निधिवनराज में रात में प्रवेश कर वीडियो बनाकर हमारी आस्था को और विश्वास को चोट पहुंचाई है। इस अपराध के लिए उन्हें कड़ा दंड मिलना चाहिए।
महंत रघुनाथ दास महाराज, महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज, नीलम गोस्वामी व महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर आचार्य बद्रीश, रविकांत गौतम, विष्णु पाठक, स्वामी सत्यमित्रानंद, भुवनेश्वर शर्मा, ममता शर्मा, मीना गुप्ता, सुलेखा बंसल, सोनिया पीहू दास, संतरा देवी आदि लोग मौजूद थे।