गोवर्धन। बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित एक होटल संचालक द्वारा कब्रिस्तान की ओर से रास्ता निकालने पर बृहस्पतिवार को विवाद खड़ा हो गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। मौके पर चल रहे कार्य को फिलहाल बंद करा दिया है।
लोगों का आरोप है कि जिस स्थान से रास्ता निकाला जा रहा है, वह वर्षों पुराना कब्रिस्तान है और चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनी हुई है। लोगों का कहना था कि कब्रिस्तान की भूमि को किसी भी तरह रास्ते के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल संचालक कब्रिस्तान की ओर से रास्ता निकालने का प्रयास कर रहा है।
सूचना पर चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, पूर्व चेयरमैन खेमचंद शर्मा और रामधन शर्मा भी पहुंच गए। विरोध करने वालों में रशिफ खान, उस्मान, शौकीन, अफजल, सलीम कुरैशी, बीरा, अब्दुल्ला अजीज, अजीज, नवावमीर, उस्मान मीर आदि मौजूद रहे। वहीं होटल संचालक चौधरी भगवान सिंह सैनी ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि मौके पर कोई कब्रिस्तान नहीं है और रास्ता काफी पुराना है। उनके पास रास्ता निकालने को लेकर न्यायालय का आदेश भी है।