बरसाना। लाडली के जन्म की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, बरसाना का कण-कण राधे-राधे के जयकारों से पुलकित होने लगा है। जिस गांव में लाला ने जन्म लिया, उसी नंदगांव से लाडली के जन्म की बधाई लेकर समाजी बरसाना आएंगे। जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर आज बृहस्पतिवार को नंद बाबा और यशोदा मैया की ओर से बधाई लेकर पहुंचने वाले समाजी श्रीजी के दरबार में अपनी बधाई अर्पित करेंगे।
बरसाना और नंदगांव के समाजी आमने-सामने बैठकर जन्म की मंगल बधाई के पद गाएंगे। लाला के गांव से लाडली के गांव पहुंचने वाली यह बधाई ब्रज की उस अनूठी परंपरा का सजीव भाव होगी, जहां राधा-कृष्ण की लीला में दो गांवों का प्रेम जुड़ा है। ब्रज की पुरातन परंपरा में नंदगांव के समाजी बाबा वृषभान और मैया कीरति को लाडली के जन्म की बधाई देने श्रीजी के दरबार पहुंचते हैं। इस दौरान श्रीजी मंदिर में नंदगांव और बरसाना के समाजी आमने-सामने बैठकर रसिक कवियों के जन्म-बधाई पदों का गायन करेंगे। समाज गायन में दोनों गांवों की रसिक परंपरा के साथ आपसी हास-परिहास भी देखने को मिलेगा। समाजियों का स्वागत उन्हें लड्डू देने की परंपरा के साथ किया जाएगा।
कल प्रकट होंगी लाडलीजी
नंदगांव की बधाई के अगले दिन राधाष्टमी पर श्रीजी मंदिर में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्राकट्य बेला में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक होगा। लाडली के जन्मोत्सव के साक्षी बनने के लिए देशभर से श्रद्धालु बरसाना पहुंचेंगे।