मथुरा। घर में घुसे सिरफिरे आशिक ने किशोरी की पीठ पर चाकू से तीन वार किए थे। यह वार आर-पार हो गए थे। इन वारों के चलते किशोरी का दिल और फेफड़े पूरी तरह फट गए। किशोरी की मौत का कारण भी पूरी ताकत से किए गए चाकू के वार ही बने। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। फिलहाल सिरफिरे का इलाज पुलिस कस्टडी में आगरा के एसएन हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि किशोरी की मां जिंदगी और मौत से सिटी हॉस्पिटल में जूझ रही है।
फेसबुक पर दोस्ती से मना करने पर मुजफ्फरनगर के कुकड़ा, मंडी से आकर १९ जून को सिरफिरे अवि उर्फ शिवम कश्यप ने थाना हाईवे के नगला बोहरा में रिटायर्ड फौजी तेजवीर सिंह के घर में घुसकर किशोरी सोनम (१६) की पीठ पर चाकू से तीन वार कर उसकी हत्या कर दी थी। शादी के कार्ड में छुपाकर लाए चाकू से बचाने आई मां सुनीता पर भी कमर और पीठ पर दो वार करने के बाद खुद भी अपने पेट में चाकू से वार करके सुसाइड की कोशिश की थी।
हाईवे पुलिस ने किशोरी की मां और सिरफिरे को हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी पर तीन वार किए गए हैं, जो कि आर-पार हो गए। इस वार ने किशोरी के फेफडे़ और दिल को भी फाड़ दिया। इसी के चलते किशोरी की मौत हुई है।
मुजफ्फरनगर से १९ जून की सुबह चला था सिरफिरा
सिरफिरा मुजफ्फरनगर से १९ जून को सुबह ८:३० बजे ट्रेन से चला था। मथुरा मेें शाम को ५ बजे पहुंचा। गोवर्धन चौराहे से सिरफिरे ने मिठाई और चाकू भी खरीदा था। बैग में रखकर किशोरी के घर को चल दिया। शाम करीब ६ बजे सिरफिरा घर में घुसा। किशोरी को छोड़कर अनजान घर में आने पर परिवार अचंभित थे। कुछ ही देर बाद सिरफिरे ने पीठ पर किशोरी के तीन वार करके कत्ल कर दिया। हाईवे पुलिस ने चाकू और एक बैग बरामद किया है। इसमें ट्रेन की टिकट, आईडी, पर्स और चाकू बरामद किया है। फिलहाल सिरफिरे के होश में आने का इंतजार पुलिस कर ही है।
एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि १९ जून को अवि कश्यप मथुरा पहुंचा था। घर से नौकरी का इंटरव्यू कहकर निकला था। हालांकि पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा अवि के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस सिरफिरे और मृतक किशोरी की मां से पूछताछ करने में जुटी है। सोशल मीडिया से दोस्ती होने की जानकारी मिल रही है। अवि मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज में बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र है। सिरफिरे के पिता दुकान करते थे, उसमें घाटे के कारण दुकान बंद हो गई। सिरफिरे के एक भाई और बहन भी है। उसे परिजन भी आगरा पहुंच गए हैं।
चर्चा: किशोरी की मां पर किया सिरफिरे ने पहला वार
चर्चा है कि सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर पहले किशोरी की मां पर चाकू से वार किया था। किशोरी बीच में आ गई तो सिरफिरे ने उस पर वार कर दिए। इसके बाद मां बचाने आई तो उस पर वार कर दिए। अगर यह सही है तो सिरफिरा किशोरी को मारने नहीं आया था, बल्कि वह उसकी मां को मारना चाहता था। हालांकि फिलहाल मां को होश नहीं आया है, फिर भी पुलिस पूछताछ करके हकीकत से पर्दा हटाएगी।