तहसील सभागार में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में 172 शिकायतें दर्ज की गई। दो का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्रामीणों ने राशन डीलरों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। एसडीएम विश्व भूषण मिश्र ने एक सप्ताह में सभी शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
तहसील दिवस में शहदपुर और हुसैनी से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन डीलरों के खिलाफ धरना-प्रर्दशन किया। उन्होंने एसडीएम को राशन डीलरों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। शहदपुर के युधिष्ठर, निरंजन, भीम, विक्रम सिंह और गांव हुसैनी की प्रधान सविता देवी ने बताया कि राशन डीलर पिछले कई महीने से गेहूं, चावल और मिट्टी के तेल का वितरण नहीं कर रहे हैं।
छाता के सूरदास मोहल्ला निवासी आशा शर्मा ने शिकायत की है कि 6 माह से उनका जमीन का दाखिला खारिज नहीं हो रहा है। अकबरपुर निवासी जसपाल सिंह सिसौदिया ने सूखा राहत के चेक वितरण कराने की मांग की। रान्हेरा के रवींद्र, दीपक, दिनेश आदि ने ग्राम प्रधान की ओर से ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण कराए जाने का आरोप लगाया है। इस मौके पर तहसीलदार, सीओ, एसडीओ, ईओ छाता, बरसाना एसओ, आदि मौजूद रहे
तहसील दिवस में लेट पहुंचे अफसरों पर बरसे डीएम
मांट तहसील सभागार में तहसील दिवस में लेट पहुंचे अधिकारियों को डीएम ने लताड़ लगाई। चेतावनी दी कि सुधर जाओ वरना नप जाओगे। नवागत डीएम निखिल चंद शुक्ला तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे थे। डीएम ने लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस में 178 शिकायतें दर्ज की गई। दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। सीडीओ मनीष वर्मा ने मांट विकास खंड की ग्राम पंचायत भीम में विकास कार्यों की समीक्षा की।