विधानसभा चुनाव के दौरान जिले में ड्यूटी पर न आने वाले 66 कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के 19 प्रोफेसर भी शामिल हैं।
विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में मतदान होने के बाद अब प्रशासन निर्देशों की अवहेलना करने वाले 66 कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के 19 प्रोफेसर भी शामिल हैं, जिन्हें पीठासीन अधिकारी बनाया गया था। लेकिन चुनावी ड्यूटी को लेकर वेटरनेरी विवि के प्रोफेसरों ने न्यायालय की शरण ली थी।
इनके अलावा बाकी 47 विभिन्न विभागों के कर्मचारी हैं। इन सभी को नोटिस जारी किया जा रहा है। इसमें से अनेक कर्मचारी ऐसे भी हैं जो प्रशिक्षण पाने के बाद चुनाव ड्यूटी में नहीं पहुंचे। प्रभारी अधिकारी कार्मिक सीडीओ मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि जिन कर्मचारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशाें के तहत दिए गए दायित्व का निर्वहन नहीं किया है उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है।