मथुरा। गांव बाटी में पैदल मार्च करतीं एसडीएम सदर व सीओ। स्रोत प्रशासन
- फोटो : mathura
मथुरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती से पूर्व प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। रविवार को एसडीएम सदर व सीओ ने जैंत क्षेत्र के गांव बाटी व कोटा में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया।
सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाबा साहब की 134वीं जयंती मनाई जाएगी। आंबेडकर पार्क समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। इसमें रैली व जुलूस और झांकियां निकाली जाएंगी। कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम सदर निशा ग्रेवाल व सीओ संदीप कुमार सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसडीएम सदर ने कहा है कि बिना अनुमति के कोई भी रैली अथवा झांकी न निकालें। आयोजनकर्ता अपने कार्यकर्ताओं की आईडी तथा मोबाइल नंबर की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं। रैली में अश्लील गानों का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा है कि अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आंबेडकर पार्कों में चलाया गया स्वच्छता अभियान
डीएम के निर्देश के बाद रविवार को अधिकारी-कर्मचारियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आंबेडकर पार्कों की साफ-सफाई की। साथ ही अन्य महापुरुषों व राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं, उनके नाम से जुड़े स्थलों, पार्कों व स्मारकों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें आमजनता के साथ ही जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी भी शामिल रहे। जयंती के दिन 14 अप्रैल को जिले के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि डाॅ. आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण करेंगे।