चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत क्षेत्र के गांव चौमुहां में शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई बुजुर्ग की मौत को लेकर परिजन ने जहर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी।
गांव चौमुहां के मनी थोक निवासी लाल सिंह की शुक्रवार रात मौत हो गई थी। इस मामले में परिजन ने गांव के तीन लोगों पर लेन देन को लेकर विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाया। रविवार को भी परिजन नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए अड़े रहे। थाने पहुंचे मृत शख्स के भाई किशन चंद ने अपनी तहरीर में बताया कि गांव निवासी व्यक्ति ने नकली आभूषण गिरवी रखकर 13 लाख रुपये उधार ले गए थे।
जांच में आभूषण नकली निकले, इसकी शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। परिजन के अनुसार, लाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी तो जल्द रुपये वापस करने का आश्वासन दिया। शुक्रवार रात 10 बजे नामजद आरोपी उसके घर आए और विषाक्त पदार्थ खिलाकर उनके भाई की हत्या कर दी। उनके भाई ने पर्ची पर रुपये और आरोपी का नाम लिखा है। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। लैब की रिपोर्ट और जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।