मथुरा। जिला जूनियर क्रिकेट लीग के पहले सेमीफाइनल में अचीवर्स क्रिकेट अकादमी ने नेशनल क्रिकेट अकादमी को 107 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। धनेश यादव को शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव कमल चावला ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अचीवर्स क्रिकेट अकादमी ने 30 ओवर में नौ विकेट पर 197 रन बनाए। धनेश यादव ने 61, दुष्यंत चौधरी ने 31 और धर्मेश भारद्वाज ने नाबाद 25 रन का योगदान दिया। नेशनल क्रिकेट अकादमी की ओर से यश ने तीन और ध्रुव ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेशनल क्रिकेट अकादमी की टीम 20.4 ओवर में 90 रन पर सिमट गई। लकी ठाकुर ने 24 और राज ने 19 रन बनाए। अचीवर्स की ओर से दुष्यंत चौधरी और पीयूष चाहर ने दो-दो विकेट लिए जबकि तेजस और सुमित चौधरी को एक-एक विकेट मिला। संघ अध्यक्ष प्रदीप कुलश्रेष्ठ ने धनेश यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
सचिव ने बताया कि दूसरा सेमीफाइनल बृहस्पतिवार को हरीश राघव ग्राउंड पर सीएई क्रिकेट अकादमी और बीएसए क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा। मैच में अंपायर अनिल आहूजा और अमन सिसोदिया रहे। स्कोरिंग आकाश ने की। इस दौरान अशोक कैंथवास, आशुतोष दीक्षित और रवि गुर्जर मौजूद रहे।