चौमुहां (मथुरा)। जैंत पुलिस चौकी क्षेत्र में उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब हाईवे पर अचानक दूल्हा-दुल्हन की कार अनियंत्रित होकर हाईवे के बीचोंबीच पलट गई। इससे उसमें बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने गाड़ी को सीधा कर सभी को बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी को ज्यादा चोट नहीं आई।
मंगलवार को छाता के गांव नौगांव निवासी दूल्हा प्रदीप थाना फरह के गांव परखम से शादी कर दुल्हन संगीता को कार से ला रहा था। इसी दौरान उनकी गाड़ी जैंत हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार ड्राइवर ने आगे चल रही बाइक को बचाने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लिए, इसी दौरान गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पलट गई।