वृंदावन (मथुरा)। सुनरख गांव के जंगल में आठ साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मंगलवार को परिजन धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग है कि बेटी के साथ दरिंदगी करने वाले अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए।
बीते 27 नवंबर को मृत मिली आठ साल की बालिका के परिजन पुलिस की कार्रवाई से अब तक संतुष्ट नहीं हैं। घटना के पांचवें दिन मंगलवार को परिजनों ने गांव में धरना शुरू कर दिया है। परिजनों का कहना है कि इस दरिंदगी की घटना को अंजाम देने वाला सिर्फ एक नहीं होगा। अन्य अपराधियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए। जब तक यह गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, धरना जारी रहेगा। परिजनों ने पुलिस पर जांच के नाम पर परेशान करने का भी आरोप लगाया है। परिजनों के धरने पर बैठने के बाद गांव और पीड़ित परिवार के घर के आसपास पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। पुलिस अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता कर रहे हैं। यहां तक कि पकड़े गए आरोपी की गतिविधियों की जानकारी भी परिजनों को दी गई है।