खायरा गांव में खेत की पैमाइश के दौरान पुलिस और पीएसी टीम के पीछे चल रहे युवक का दबंगों ने कथित तौर पर अपहरण कर उसे घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को सकुशल मुक्त कराया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
मथुरा के छाता कोतवाली क्षेत्र के खायरा गांव में जिलाधिकारी के आदेश पर खेत की पैमाइश कराने जा रही पुलिस और पीएसी टीम के पीछे चल रहे एक युवक का दबंगों ने बीच रास्ते में अपहरण कर लिया। आरोपी उसे खींचकर घर ले गए और बंधक बनाकर जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को सकुशल मुक्त कराया। पीड़ित के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
विज्ञापन
खायरा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश पर उनके खेत की पैमाइश के लिए पुलिस और पीएसी की टीम मौके पर जा रही थी। अशोक का भाई विनोद अपनी बाइक से टीम से करीब 100 मीटर पीछे चल रहा था। इसी दौरान रघुवीर, राधेश्याम, अर्जुन और उनके पिता भगवान पुत्र रामस्वरूप ने अन्य साथियों के साथ मिलकर विनोद को रास्ते में घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने विनोद को बाइक से खींचकर नीचे गिराया और उसके गले में तौलिया का फंदा डालकर सड़क पर घसीटते हुए ले गए। जब आसपास के लोगों ने विरोध कर विनोद को छुड़ाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद हमलावर विनोद को जबरन अपने घर के अंदर खींच ले गए और उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर विनोद को मुक्त कराया। पीड़ित विनोद गंभीर रूप से घायल है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।