वृंदावन। कार्तिक मास और रविवार का अवकाश होने के कारण वृंदावन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन किए। भारी भीड़ के चलते मंदिर के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं, वहीं शहर की संकरी कुंज गलियां और संपर्क मार्ग भी श्रद्धालुओं से भरे रहे।
सुबह मंदिर के पट खुलते ही ठाकुरजी के दर्शन के लिए भक्तों का आना शुरू हो गया। मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग बांके बिहारी लाल के जयकारों से गूंज उठे। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि लोगों को अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और उनके वाहनों के के कारण नगर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
परिक्रमा मार्ग, विद्यापीठ चौराहा, जुगल घाट और बांके बिहारी मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर दिनभर जाम लगा रहा। इससे श्रद्धालुओं का पैदल चलना भी दुश्वार हो गया। वहीं पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को होल्डिंग एरिया में रोक-रोक कर मंदिर की ओर भेजा। मंदिर के सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने बताया कि कार्तिक मास में रविवार को मंदिर दर्शन करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है।