मथुरा। विराट युवा सम्मेलन में सीएम योगी ने पं. दीनदयाल धाम में आधुनिक अतिथि भवन निर्माण की घोषणा की है। साथ ही कहा कि पं. दीनदयाल की कुटिया को सोलर पैनल लगाकर ग्रीन एनर्जी के साथ जोड़ा जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि मथुरा-वृंदावन को वैश्विक स्तर पर पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ यहां के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को भी संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ग्रीन एनर्जी का उपयोग न केवल कुटिया की बिजली खपत बचाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान देगा। हालांकि पं. दीनदयाल धाम में पर्यटन सुविधा केंद्र बना हुआ है, लेकिन वह जर्जर स्थिति में है। इसी को लेकर सीएम योगी ने एक नए अतिथि भवन निर्माण की घोषणा की है।
इसके साथ ही उन्होंने बलदेव के नगला अकोस मार्ग पर पुल निर्माण की भी घोषणा की है। यह पुल न केवल राहगीरों को राहत देगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी इससे फायदा होगा। बरसात के दिनों में रास्ता अक्सर बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी दिक्कत झेलनी पड़ती थी। पुल बनने से अब इन परेशानियों से छुटकारा मिलेगा। स्थानीय लोग लंबे समय से इस पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।