चौमुहां। केंद्र सरकार द्वारा यूजीसी के नियमों में किए गए बदलावों पर सवर्ण समाज का गुस्सा फूट पड़ा है। शुक्रवार को ब्रजमंडल क्षत्रिय राजपूत सभा के बैनर तले छटीकरा-वृंदावन मोड़ पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इन नियमों को काला कानून बताते हुए छटीकरा चौराहे से वृंदावन रोड स्थित कमल मंदिर तक पैदल यात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ब्रजमंडल क्षत्रिय राजपूत सभा के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मुकेश सिंह सिकरवार के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट किया। सिकरवार ने कहा कि सामान्य वर्ग के युवाओं पर लगातार ऐसे नियम थोपे जा रहे हैं, जिससे उनका भविष्य अंधकार में जा रहा है। क्षत्रिय राजपूत सभा ने मांग की है कि इस कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। मनोज ठाकुर ने कहा कि यद्यपि सुप्रीम कोर्ट ने 19 मार्च तक इस पर रोक लगाई है, लेकिन समाज केवल रोक से संतुष्ट नहीं है। वे इस कानून का पूर्ण उन्मूलन चाहते हैं। प्रदर्शन में जगदीश गौर, विजय सिंह राजपूत, विष्णु पहलवान, धनीराम, चंदन सरपंच, प्रहलाद फौजी समेत अन्य उपस्थित रहे।