सौंख। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रॉपर्टी कारोबारी धर्मसिंह की मौत के मामले में एसएसपी के आदेश पर रिश्तेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुक्रवार को कारोबारी के परिजन ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था और थाना मगोर्रा का घेराव किया था। मामला जमीन के 70 लाख रुपये के लेनदेन का बताया जा रहा है।
थाना मगोर्रा के गांव ऊंचागांव में विगत 13 अक्तूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में प्रॉपर्टी कारोबारी धर्मसिंह की मौत हो गई थी। प्रॉपर्टी कारोबारी अपने एक रिश्तेदार के साथ जमीन का काम करता था। जमीन के व्यापार में रिश्तेदार से 70 लाख रुपये का लेनदेन है। इस पर प्रॉपर्टी कारोबारी पिछले कई माह से तगादा कर रहा था, लेकिन पार्टनर रिश्तेदार की नीयत बदल गई और धमकाने लगा। कारोबारी की मौत के बाद पुलिस ने रिश्तेदार से कोई पूछताछ नहीं की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसे लेकर शुक्रवार को मृतक धर्मसिंह की पत्नी मीरा देवी ने परिजन के साथ एसएसपी श्लोक कुमार से मुलाकात की और न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद शाम को थाना मगोर्रा का घेराव किया। शनिवार को एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर पुलिस ने प्रॉपर्टी कारोबारी के रिश्तेदार मुकेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पत्नी मीरा देवी का कहना है कि 13 अक्तूबर की शाम को पति ने बताया कि पार्टनर ने अकबरपुर में पैसे लेने बुलाया है।
इसके बाद रात करीब 11:30 बजे पति बदहवास हालत में घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्टनर ने शराब में जहर दे दिया है। उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां उनकी मौत हो गई। सीओ गोवर्धन अनिल कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।