मथुरा। प्रदेश भर में आय, जाति, मूल निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्र इंटरनेट सर्वर में फंस कर रह गए हैं। पिछले एक सप्ताह से लोक वाणी और जनसुविधा केंद्रों को जोड़ने वाला यूपी ऑन लाइन सर्वर फेल हो गया है। इससे छात्र-छात्राओं की बेचैनी बढ़ गई है।
मथुरा जनपद सहित प्रदेश भर में विभिन्न शासकीय सेवाओं के साथ प्रमाण पत्र बनाने का काम अब ऑन लाइन व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। इसमें जनसुविधा केंद्र , ई-सुविधा और लोक वाणी केंद्र आय, जाति, मूल निवास बनाने का माध्यम बने हुए हैं। लेकिन, पिछले एक सप्ताह से ऑन लाइन की यह व्यवस्था ध्वस्त पड़ी है। ऑन लाइन सर्वर काम नहीं कर रहा है। कभी कभी ही लिंक मिलता है, अधिकांश समय केंद्र शोपीस बना रहता हैं। हाल यह है कि मथुरा जनपद में ही वर्तमान में 5000 से ज्यादा आवेदन लंबित है। जबकि नए शैक्षिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बगैर इन प्रमाण पत्रों के एडमिशन लेना छात्रों के लिए कठिन डगर है।
अब नहीं देना होगा शपथ पत्र
अब तक शासकीय सेवाओं में जनसेवा, जनसुविधा, लोकवाणी, ई-सुविधा केन्द्रों के माध्यम से बनने वाले प्रमाण पत्रों के लिए शपथ पत्र देना होता था, लेकिन राज्य सरकार ने यह व्यवस्था खत्म कर दी है। अब सादा कागज पर स्व: प्रमाणित घोषणा पत्र के आधार पर ही आवेदन किया जा सकेगा।
डीएम ने दिए ऑफ लाइन के निर्देश
डीएम बी चंद्रकला ने मथुरा की सभी तहसीलों में उक्त प्रमाण पत्र बनाए जाने की ऑफ लाइन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसका लोकवाणी और जनसुविधा केंद्र विरोध कर रहे हैं। संचालकों का मानना है कि यह शासन की मंशा के विपरीत है। इससे उनके रोजगार पर विपरीत प्रभाव पडे़गा।