वृंदावन। वात्सल्य ग्राम में चल रहे बालिका व्यक्तित्व विकास शिविर में छात्राओं को आत्म रक्षा के उद्देश्य से जूडो, कराटे और दंड विद्या में भी पारंगत किया जा रहा है। छात्राएं घंटों कड़ी मेहनत कर आत्म रक्षा के गुर पूरी लगन के साथ सीख रही हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आई 85 छात्राओं को प्रतिदिन कड़े अभ्यास के बाद वर्तमान हालातों से लड़ने के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही शिविर के सातवें दिन शिविरार्थी बालिकाओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया गया।
बौद्धिक सत्र में सोशल नेटवर्किंग के बारे में बताया गया। बालिकाओं को संबोधित करते हुए जीएलए विश्वविद्यालय के उप कुलाधिपति दुर्गसिंह चौहान ने कहा कि आज पूरी दुनिया सोशल नेटवर्क से जुड़ चुकी है। किसी समय हम लोग केवल पत्र और समाचार पत्रों के माध्यम से संवाद करते थे, लेकिन वर्तमान में ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप जैसे माध्यमों से सरलता से संवाद कर लेते हैं। अध्यक्षता करते हुए गुरविंदर कौर ने कहा कि सोशल नेटवर्किंग के माध्यम से हमारी सोच सदैव सकारात्मक होनी चाहिए। समाज व राष्ट्र के उत्थान में लगनी चाहिए।
शिविर संयोजिका साध्वी स्वरूपा गिरि ने कहा कि सैटेलाइट के माध्यम से हम हर पल पूरी दुनिया से जुड़े रहते हैं, लेकिन सुविधा के साथ समस्याएं भी बहुत हैं। कुछ लोग इसका दुरुपयोग कर समाज को नुकसान पहुंचाने का कार्य करते हैं। इससे पूर्व हुई स्मरण शक्ति प्रतियोगिता में तपस्विनी ग्रुप प्रथम, अदृश्य शृंगार प्रतियोगिता में तेजस्विनी, श्वांसशक्ति प्रतियोगिता में तपस्विनी व अन्त्याक्षरी प्रतियोगिता में तपस्विनी प्रथम, ओजस्विनी द्वितीय और यशस्विनी तृतीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर सोनिया नेगी, ज्योत्सना परमानंद, गरिमा गौड़, दीप्ति, उमाशंकर राही आदि उपस्थित थे।