वृंदावन । वृंदावन के समीपवर्ती गांव बिहारी का नगला निवासी जगदीश पुत्र नारायण को मंगलवार रात लूट लिया गया। उससे आधा दर्जन बदमाशों ने हथियारों के बल पर लैपटाप, मोबाइल, साइकिल और नकदी लूट ली। मामले में आठ लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जगदीश मंगलवार की रात 10 बजे अपने मित्रों के साथ वृंदावन से ट्यूशन पढ़कर गांव जा रहा था। आरोप है कि जगदीश गांव कीकी का नगला के समीप पहुंचा तभी भानू, छैलो, गुल्लू, राजाराम, अवधेश, गोपाल और दो अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने उससे मारपीट कर हथियारों के बल पर साइकिल, मोबाइल, लैपटाप और एक हजार रुपये लूट लिए। शोर सुनकर आस पास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख हमलावर भाग गए। बुधवार को जगदीश के चचेरे भाई मेघश्याम ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।