वृंदावन। वृंदावन आई एनआरआई महिला को अश्लील एसएमएस भेजने और फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक साधु को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने इस संबंध में कई मोबाइल और सिम विक्रेताओं से भी पूछताछ की है।
नाइजीरिया निवासी वसुंधरा हकीमा वृंदावन के गोविंद घेरा क्षेत्र में रहकर पिछले कई वर्षों से भजन कर रही हैं। वह सेवाकुंज क्षेत्र स्थित रूप सनातन गोड़िया मठ में भजन करने जातीं हैं। आरोप है कि पिछले पांच महीनों से उनके मोबाइल पर अलग-अलग तीन नंबरों से अश्लील और भद्दे एसएमएस आ रहे थे। जब भी वह उन नंबरों पर फोन करतीं, तभी उधर से बोलने वाले व्यक्ति अलग अलग नाम बताकर उन्हें भ्रमित करता रहा। इन एसएमएस के कारण वह अक्सर अपना मोबाइल बंद रखने लगीं, जब भी मोबाइल ऑन करतीं, तभी मेसेज आते थे। आरोप है कि पिछले दिनों उनके मोबाइल पर दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। महिला ने इसकी जानकारी मकान मालिक ब्रजेंद्र धबल को दी। इसके बाद रविवार को उन्होंने इसकी लिखित शिकायत कोतवाली में दी। पुलिस ने नंबरों को ट्रेस किया तो वह सेवाकुंज निवासी साधुवेश धारी नित्यानंद दास के निकले। पुलिस ने नित्यानंद दास को हिरासत में ले लिया है।