मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में समय से पहले मिल रही युवाओं को सब्सिडी
फोटो -
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को इस वित्तीय वर्ष में अब तक 544.38 लाख रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है। प्रदेश सरकार के निर्धारित लक्ष्य का यह करीब 90 प्रतिशत है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस साल कुल 587.75 लाख रुपये की सब्सिडी देने का लक्ष्य रखा गया था।
जिला उद्योग केंद्र के सहायक उपायुक्त उद्योग श्रीवत्स ने बताया कि युवा योजना का लाभ उठाकर अपना व्यवसाय शुरू कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया सरल होने और जागरूकता के कारण लाभार्थियों की संख्या बढ़ रही है।
-
उद्योग क्षेत्र के लिए 25 लाख, सर्विस सेक्टर के लिए 10 लाख तक का मिलता है लोन
योजना के तहत सरकार उद्योग क्षेत्र के लिए अधिकतम 25 लाख और सर्विस सेक्टर के लिए 10 लाख रुपये तक का लोन मुहैया कराती है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सब्सिडी का फायदा भी मिलता है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलती है।
इसके लिए आवेदक का राज्य का स्थायी निवासी होना जरूरी है। साथ ही उसकी उम्र 18 से 40 साल के बीच हो और आवेदक न्यूनतम 10वीं पास और बेरोजगार हो। इसके अलावा उसके पास प्रस्तावित व्यवसाय से जुड़ी मूलभूत जानकारी, प्रशिक्षण और आवश्यक दस्तावेज होने चाहिए।
वेबसाइट से जानें- कैसे शुरू करें उद्योग
सरकार की अधिकारिक वेबसाइट पर 50 से ज्यादा उत्पादों के उद्योग शुरू करने के लिए ट्यूटोरियल वीडियो मौजूद हैं। इनके जरिए बताया जाता है कि कैसे योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता की मदद से उद्योग संचालित किया जा सकता है और कैसे उसे भविष्य के लिए विकसित किया जाए।
जिले के युवा योजना का लाभ लेकर खुद का उद्यम शुरू कर रहे हैं। खास बात है कि तय लक्ष्य समय से पहले पूरा हो जाएगा।
-पंकज निर्वाण, उद्योग उपायुक्त, गौतमबुद्ध नगर