मथुरा। सहारनपुर के डॉ. बीआर आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आगामी 10 से 13 जून तक आयोजित होने वाली अंडर-15 सब-जूनियर बॉयज यूपी स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 को लेकर जिले में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शनिवार को मथुरा के गणेशरा स्थित मोहन पहलवान स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया गया।
रोमांचक ट्रायल में जिले भर के 25 मुक्केबाजों ने रिंग में अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद इनमें से 6 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित मुक्केबाजों में करण चौधरी, श्रीकांत धनगर, आर्य सौबरबाल, अंशु, रियान और आदित्य सिरोही शामिल हैं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी आजाद सिंह और बॉक्सिंग कोच धीरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि जिला स्तर पर चुने गए ये 6 खिलाड़ी अब 8 जून को आगरा में आयोजित होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में मथुरा का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहां सफलता मिलने पर इन्हें सीधे स्टेट चैंपियनशिप का टिकट मिलेगा।