मथुरा। वन इंडिया वन नेशन के तहत सभी राशन कार्ड जोड़े जाने के बाद अब जनपद में 30 हजार ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं, जिनके नाम दो स्थानों पर राशन कार्ड में मौजूद हैं। इसमें अधिकांश उपभोक्ताओं का राशन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से लिया जा रहा था। इसमें एक बड़ी संख्या उन उपभोक्ताओं की है जो रोजगार-धंधे के लिए यहां से गए या फिर आए हैं।
केंद्र सरकार ने वन इंडिया वन नेशन के तहत देश भर के सभी राशन कार्ड को जोड़ दिया है। यह सभी राशन कार्ड अब एनआईसी सर्वर से जुडे़ हुए हैं। सभी कार्ड में उपभोक्ताओं का आधार नंबर दर्ज होने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसमें 30 हजार ऐसे उपभोक्ता सामने आए हैं, जिनके नाम दो कार्ड पर मौजूद हैं। मथुरा निवासी होने के बाद भी उनके नाम पर महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात आदि प्रदेशों में भी राशन कार्ड मौजूद हैं।
इसके अलावा हरियाणा, पश्चिमी बंगाल, मध्य प्रदेश, दिल्ली के निवासियों के नाम कोसीकलां, चौमुहां, नंदगांव, गोवर्धन के राशन कार्डों पर भी मिले हैं। इस तरह इन उपभोक्ताओं के नाम पर दो स्थानों पर राशन लिया जा रहा था। इसमें महिलाओं के नाम भी बड़ी संख्या में मिले हैं।
30 हजार राशन उपभोक्ताओं का नाम दो स्थानों पर कार्ड में मौजूद मिला है। इसमें से 19 हजार के नाम हटा दिए गए हैं। वन इंडिया वन नेशन के तहत सत्यापन की यह प्रक्रिया आधार नंबर के तहत जारी है। दोहरे राशन कार्ड प्राप्त करने वालों में ज्यादातर वे लोग हैं, जिन्होंने रोजगार के लिए गृह जनपद से जाने के बाद संबंधित राज्य में भी अपना कार्ड बनवा लिया, लेकिन उनके परिजनों ने पूर्व कार्ड से उनका नाम नहीं हटवाया है। इसमें शादी के बाद लड़कियों के नाम मायके के राशन कार्ड से न हटाए जाने के बावजूद ससुराल में जुड़ने के मामले भी हैं। सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
- सतीश कुमार मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी