मथुरा। विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन पत्रों की खरीद का काम दूसरे दिन भी जारी रहा। जनपद की पांच विधानसभाओं के लिए शनिवार को २२ नामांकन पत्र खरीदे गए। यह खरीद १५ उम्मीदवारों के लिए की गई है। इसमें पूरन प्रकाश, प्रदीप माथुर, देवेंद्र अग्रवाल, योगेश नौहवार का नाम भी शामिल है। इस तरह दो दिन में २५ उम्मीदवारों के लिए अब तक ३९ नामांकन पत्रों की खरीद हुई है।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में उत्तर प्रदेश सामान्य विधानसभा निर्वाचन २०२२ के अंतर्गत नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन २२ नामांकन पत्रों की खरीद हुई। इसमें बलदेव विधानसभा में रालोद से बबीता देवी, बीजेपी से पूरन प्रकाश, कांग्रेस से विनेश सनवाल के साथ कुशल कुमार, रोहित सिंह और भूपेंद्र धनगर के लिए नामांकन खरीदे गए।
छाता विधानसभा के लिए रालोद से तेजपाल सिंह, बीएसपी से सोनपाल सिंह, पूनम देवी और मोनी बाबा, मांट विधानसभा में रालोद से योगेश नौहवार, मथुरा विधानसभा में सपा से देवेंद्र अग्रवाल, कांग्रेस से प्रदीप माथुर के अलावा सुरेश चंद्र बघेल और रवि वर्मा के लिए पर्चा खरीदे गए। हालांकि नामांकन प्रक्रिया के पहले दो दिन में नामांकन पत्र किसी भी उम्मीदवार ने दाखिल नहीं किया है।