कोसीकलां। कोरोना संक्रमण के तीसरे चरण में आ रही तेजी के बीच कोरोना के बूस्टर डोज लगवाने के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया है।
बैक कॉलोनी निवासी जीतू (40) पर शनिवार सुबह मोबाइल पर कॉल आई। मोबाइल पर बात करने वाले युवक ने खुद को स्वास्थ्य कर्मी बताते हुए कहा कि तुम्हारी दूसरी डोज को लगे नौ माह हो चुके हैं, अब आपको बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसके लिए हम आपके पास एक लिंक भेज रहे हैं उसे ओके करें और इसके बाद ओटीपी आएगा और रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। कुछ देर बाद ऐसा ही हुआ।
ओटीपी आते ही तथाकथित स्वास्थ्य कर्मी ने फिर से मोबाइल पर कॉल करके बताया कि आपका रजिस्ट्रेशन हो चुका है अब आप मोबाइल में आएं ओटीपी को बता दीजिए। जीतू ने जैसे ही उसे ओटीपी बताया ,तत्काल उसके खाते से 7000 रुपये गायब होने का मेसेज आ गया। इसे देख युवक हतप्रभ रह गया। उसने कस्टमर केयर पर फोन कर पहले अपने एटीएम को बंद कराया और मामले की जानकारी बैंक को दी।
कोरोना वैक्सीन का बूस्टर डोज लगवाने के लिए सायबर ठग आम लोगों को मोबाइल पर बात करते हैं। साइबर ठग अब बूस्टर डोज लगवाने के नाम पर व्यक्ति से रजिस्ट्रेशन कराने को कहते हैं। वह फोन करके लोगों का खुद ही रजिस्ट्रेशन करने के बहाने उनके आधार, पैन आदि की जानकारी या लिंक भेज देते हैं, फिर मोबाइल पर आने वाले ओटीपी नंबर पूछ लेते हैं और उसी के जरिए उनके खाते खाली कर देते हैं। ऐसे में लोग अपना ओटीपी नंबर, खाता नंबर या अन्य जानकारी किसी से शेयर न करें।
- श्रीश चंद, एसपी ग्रामीण