हाइवे पर बिना परमिट के पकड़ी बस के खिलाफ कार्रवाई करते एआरटीओ प्रवर्तन मनोज मिश्रा
- फोटो : MATHURA
मथुरा। बिना परमिट के मथुरा में दौड़ रहीं 21 प्राइवेट बसें परिवहन विभाग ने पकड़ी हैं। इन बसों के खिलाफ लॉकडाउन के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं एमवी एक्ट के तहत भी जुर्माना लगाया है।
रोडवेज हो या फिर प्राइवेट बसें। कोरोना महामारी के चलते दूसरे राज्यों में इनका संचालन अभी तक शुरू नहीं हो सका है। अनलॉक-2 को शुरू हुए तीन दिन बीत गए हैं। इन तीन दिनों में ही मथुरा एआरटीओ प्रवर्तन मनोज मिश्रा ने ऐसी प्राइवेट बसों के खिलाफ कार्रवाई की, जो कि बिना परमिट के संचालित हो रही थीं। इन बसों पर लॉकडाउन के तहत भी कार्रवाई की गई है।
एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि एक से तीन जुलाई के बीच ऐसी प्राइवेट बसों के खिलाफ अभियान चलाया, जो कि दूसरे राज्यों से मथुरा में संचालित हो रहीं थीं। इन बसों पर बिना परमिट के संचालन का आरोप लगाकर जुर्माना भी वसूला गया है। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि यह अभियान कुछ दिन और चलाया जाएगा।