मथुरा। छाता क्षेत्र के शहजादपुर मार्ग के दिन जल्द ही बहुरेंगे। इस मार्ग का 22.5 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडरिंग प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
छाता से विशंभरा और पैगांव होते हुए शहजादपुर तक जाने वाला यह 17 किमी लंबा मार्ग करीब आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। सड़क की हालत लंबे समय से बदहाल है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड द्वारा 17 किमी की इस सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की परियोजना बनाकर शासन को भेजी गई थी। इसके लिए शासन से 22.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। एक्सईएन गुलवीर सिंह ने बताया कि निविदा प्रक्रिया के पूरा होते ही मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।