मथुरा नगर निगम की बोर्ड बैठक में वृंदावन में हुए मोटरबोट हादसे का मुद्दा उठा। पार्षदों ने कहा कि अगर नावों के पंजीकरण का गजट समय से पास हो जाता तो शायद ये हादसा न होता। निजी पार्किंगों के लिए लाइसेंस आवंटन पर भी पार्षदों ने विरोध जताया। नोकझोंक के बीच सदन में 14.64 अरब रुपये के बजट को स्वीकृति दे दी गई।
भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित की शुरुआत में महापौर विनोद अग्रवाल ने 10 मनोनीत पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई। नौ अक्तूबर 2025 को हुई सदन की कार्रवाई की पुष्टि की गई। नगर निगम में वर्तमान पार्किंग नियमावली 2024 के स्थान पर शासन द्वारा लागू पार्किंग नियमावली के प्रावधानों और पार्किंग प्रबंध समिति के निर्णय को अनुमोदित किया। नगर निगम की (निर्धारण सूची में संशोधन एवं परिवर्तन) उपविधि 2025 को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
सिटी ई-बस चार्जिंग के लिए दो स्थानों पर भूमि को मंजूरी दी गई वहीं ध्रुवघाट स्थित विद्युत एवं गैस संचालित शवदाह गृह केंद्र के संचालन के लिए समिति को तीन वर्ष के लिए अनुदान स्वीकृति प्रदान की गई। नगर निगम में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के मानदेय को बढ़ाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति पास किया गया।
वृंदावन स्थित सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन को अन्य स्थान पर स्थानांतरित के साथ निर्माण की स्वीकृति दी गई। आजाद मार्केट स्थित दुकानों के जीर्णोद्धार और नवीन गोशाला के निर्माण संबंधी प्रस्तावों को भी सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान कर दी गई है। बैठक में महापौर ने प्रत्येक वार्ड में 70-70 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जाने की घोषणा की। बैठक में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश और भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव समेत अन्य मौजूद रहे।
इन महापुरुषों के नाम से जाने जाएंगे मार्ग
अनुपूरक एजेंडा के तहत विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी मिली है। इसमें तेहरा मार्ग अब आरोग्य पीठ मार्ग के नाम से जाना जाएगा। वार्ड-31 के मोहल्ला पदमपुरी कॉलोनी में पार्क का नाम शहीद भगत सिंह होगा। बिरला मंदिर स्थित किशोरी नगर में महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में उनकी प्रतिमा लगेगी। वार्ड-35 में शहीद भगत सिंह प्रतिमा से लेकर विकास बाजार तक मार्ग का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले होगा, वार्ड-35 गणेश कुंज कॉलोनी एटीवी के पीछे शहीद पुष्पराज के नाम से मुख्य द्वार बनाए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृत प्रदान की गई। ये पार्षद रहे मौजूद पार्षद राजीव सिंह, राजवीर सिंह, पंकज अरोड़ा, घनश्याम चौधरी, राकेश भाटिया, नीलम गोयल, मुन्ना मलिक, नीनू कुंज बिहारी भारद्वाज, रेनू तिलकवीर सिंह आदि मौजूद रहे।