वृंदावन में मध्य प्रदेश की न्यायाधीश का मंगलसूत्र तोड़ने की घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने मंदिरों में चोरी करने वाली 10 महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मंदिरों में से श्रद्धालु महिलाओं के पर्स और मोबाइल फोन चोरी कर लेती थीं।
सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सक्रिय रहने वाली सात महिला चोरों को वृंदावन रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी किए गए पर्स और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। शनिवार को परिक्रमा मार्ग स्थित जुगल घाट के पास से तीन और महिला चोरों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से भी चोरी का सामान मिला है। बरामद सामान में तीन मोबाइल फोन, कई पर्स और कुल 18,652 रुपये की नकदी शामिल है।