मथुरा। थाना गोविंदनगर के मटियागेट निवासी एक चिकित्सक के खाते से करीब दो माह में १.४० लाख रुपये निकल गए। भारतीय स्टेट बैंक घीयामंडी में पासबुक में एंट्री कराने गए तो खाते से निकली बड़ी रकम को देख दंग रह गए। साइबर सेल को सूचना देकर थाना गोविंदनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया।
पेशे से चिकित्सक डॉ. मुस्लिम कुरैशी का खाता भारतीय स्टेट बैंक घीयामंडी में हैं। २५ मार्च से १ जून के मध्य उनके खाते से १.४० लाख रुपये निकल गए। यह राशि १४ बार में २५, २६ और २७ मार्च, १, २, ३, ४ और ५ अप्रैल, १५, २२, २३, २४, २५ मई और एक जून तक निकाले गए। १० हजार रुपये उक्त तिथियों में निकाले गए।
शुक्रवार सुबह चिकित्सक बैंक में पासबुक में एंट्री कराने पहुंचे। एंट्री होने के बाद खाते से १.४० लाख रुपये निकलने की देखकर वह दंग रह गए। बैंक अफसरों से शिकायत दर्ज कराई तो उन्होंने पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद चिकित्सक ने साइबर सेल की मदद ली।
यहां पर पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई तो उन्हें थाना गोविंदनगर भेज दिया गया। यहां पर मुकदमा दर्ज कराकर निकली रकम वापस कराने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से रकम वापस हो सकती है।