'तलाक!, तलाक! तलाक! मैं अपनी पत्नी को तलाक देता हूं।' मस्जिद में यह ऐलान सुनते ही लोग दौड़ पड़े। ससुरा वालों को देख एक युवक वे पत्नी और साली पर तड़ातड़ गोलियां चला दी, जिससे वे दोनों जख्मी हो गए।
इस पर ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। ससुरालियों ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला मेरठ जिले का है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम नित्यानंदपुर निवासी परवीन की शादी करीब 20 साल पूर्व खटीकान निवासी आमिल हसन के साथ हुई थी। हसन के पांच बच्चे भी हैं। हसन नशे का आदी है। परवीन इसका विरोध करती है।
इस बात को लेकर दोनों में काफी समय से मनमुटाव चल रहा है। शुक्रवार दोपहर घर के खर्चे की मांग को लेकर परवीन और हसन में झगड़ा हो गया, जिसके बाद परवीन अपने मायके चली गई।
शाम करीब सात बजे उसका पति हसन नित्यानंदपुर पहुंचा और मस्जिद में माइक पर पत्नी को तीन बार तलाक कह दिया। यह सुनकर परवीन और उसके मायके वाले मस्जिद की ओर दौड़े।
ससुरालियों और पत्नी को आता देख हसन ने पत्नी और साली पर तमंचे से गोली चला दी, जिससे परवीन को कुछ छर्रे लग गए। मायके वालों ने हसन को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की।
इसके बाद रात करीब नौ बजे थाने लाकर उसे तमंचे सहित पुलिस को सौंप दिया। इस मामले में हसन के ससुरालियों ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।