अचानक रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने अपनी मंगेतर के ऊपर तेजाब डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। इतना ही नहीं, युवक ने खुद भी जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने युवक को मेरठ रेफर कर दिया। रास्ते में युवक की मौत हो गई जबकि युवती का अस्पताल में इलाज हो रहा है।
जिला अमरोहा के धनौरा मंडी निवासी नवीन की शादी बिजनौर के मुहल्ला नई बस्ती निवासी शालू से तय हुई थी। शालू बिजनौर के किसी काल सेंटर में काम करती है। पिछले साल 20 मई को रिश्ते की रस्म निभाई जा चुकी थी तथा 26 जनवरी को शादी होनी थी। दोनों परिवारों के बीच विवाह से पूर्व होने वाली तमाम रस्में हो रहीं थीं। हंसी खुशी का माहौल था।
इसी बीच दिसंबर में शालू ने शादी से इंकार कर दिया। इससे नवीन सकते में आ गया। बताया जाता है कि नवीन ने उसके परिजनों से शादी का अनुरोध किया था परंतु शालू के परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। गुरुवार दोपहर नवीन शालू के घर पहुंच गया।
उसने शालू के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया तथा खुद जहर खा लिया। तेजाब फेंकने से वहां भगदड़ मच गई। शालू के परिजनों ने दोनों को सरकारी अस्पताल ले गए। नवीन की हालत गंभीर देखकर उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई जबकि शालू का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जहर देने का आरोप
मौत से पूर्व गंभीर हालत में नवीन ने पुलिस को बताया था कि शालू के घर पहुंचने पर उसके दूसरे मंगेतर ने उसे कोल्डड्रिंक में कोई जहरीला पदार्थ दिया था। करीब 20 दिन पूर्व शालू का जिस लड़के से रिश्ता हुआ है वह शालू के साथ ही काम करता है।
नापसंद करने पर तोड़ा था रिश्ता
बकली निवासी नवीन की मौसी राजेश्वरी देवी ने छह माह पूर्व नवीन व शालू का रिश्ता तय कराया था, लेकिन शालू द्वारा नवीन को नापसंद करने पर परिजनों ने चार माह पूर्व रिश्ता तोड़ दिया था।