नवीगंज। बेवर थाना क्षेत्र में नवीगंज रोड पर सोमवार देर शाम को तेज रफ्तार पिकअप और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भोगांव थाना क्षेत्र के रुई गांव निवासी आनंद पुत्र सुल्तान सिंह के रूप में हुई है। आनंद करीब दस दिन पहले अपने ननिहाल लालपुर आया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
30 वर्षीय आनंद अपने ममेरे भाइयों विमल कुमार और रोहित कुमार के साथ सोमवार सुबह ई-रिक्शा से मंडी में धान बेचने छिबरामऊ गया था। वहां से लौटते समय देर शाम करीब 7:30 पर नवीगंज रोड पर जिनौरा पुलिया के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। राहगीर विमल के अनुसार पिकअप के सामने अचानक कुत्ता आ जाने के कारण चालक ने संतुलन खो दिया और गाड़ी उनकी ओर मोड़ दी, जिससे यह भीषण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंद की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ भोगांव ने बताया सड़क हादसे में दो वाहनों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।