युवक को घर से ले गए साथी ने उसकी फावड़ा मारकर हत्या कर दी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया इसके बाद जाम खुला। मृतक के भाई ने गांव के ही युवक पर हत्या का आरोप लगाया।
थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला नया झिंझाई निवासी साहब सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका भाई रामजीत जाटव (30) पुत्र मोहरमन सिंह मजदूरी करते थे। तीन मार्च को सुबह छह बजे झिंझाई निवासी लल्ला ठाकुर ट्रैक्टर लेकर उनके गांव गए। वहां से रामजीत को मिट्टी का भराव डलवाने के लिए अपने साथ ले गए थे। जब रामजीत काफी रात तक घर नहीं आया तो साहब सिंह ने अपने भाई कौशल किशोर के साथ तलाश शुरू की।
रात एक बजे के लगभग जब वह झिंझाई रोड पर पहुंचे तो लल्ला ठाकुर का ट्रैक्टर सड़क पर खड़ा दिखा। लल्ला ठाकुर और दो-तीन अज्ञात व्यक्ति फावड़ा लेकर रामजीत को मार रहे थे। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचे तब तक लल्ला ठाकुर ने रामजीत के सिर में फावड़ा मार दिया। धमकी देते हुए आरोपी चले गए। वह रामजीत को जिला अस्पताल ले गए। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर पुलिस ने रामजीत के शव का पोस्टमार्टम कराया।
उधर, मृतक युवक के परिवारीजनों ने पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न कराए जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने कचहरी रोड पर जाम लगा दिया। बसपा जिलाध्यक्ष दीपक पेंटर, एसपी सिंह राणा, नीलू मास्टर आदि ने परिवार के लोगों के साथ जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक जाम के बाद पुलिस के रिपोर्ट दर्ज करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला गया। जाम के चलते कचहरी रोड पर आवागमन ठप पड़ गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली का कहना है कि साहब सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।