ग्राम औड़ेन्य के प्राचीन भैरौं मंदिर पर माघ माह के अंतिम शनिवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर मन्नतें मांगी। माघ के अंतिम शनिवार को मंदिर परिसर में लगे मेले से श्रद्धालुओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। माघ माह के प्रत्येक शनिवार को दूर-दूर से भैरों मंदिर पर श्रद्धालु दर्शनार्थ आते हैं।
शहर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित भैरों बाबा का मंदिर लोगों की आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। 500 वर्ष से अधिक पुराने मंदिर में श्रद्धालु अपनी मनोकामना को लेकर भैरों बाबा के दर्शन के लिए आते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु प्रसाद, नेजा आदि चढ़ाते हैं। सबसे ज्यादा भीड़ यहां पर महिलाओं की होती है। यूं तो माघ माह के प्रत्येक शनिवार को भैरों बाबा के मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है लेकिन अंतिम शनिवार को अन्य जिलों के भी श्रद्धालु यहां दर्शनों के लिए आते हैं। मंदिर के बारे में किदवंती है कि करीब 500 वर्ष पूर्व भैरों बाबा की प्रतिमा को एक बैलगाड़ी में रखकर कहीं बाहर से एक श्रद्धालु अपने गांव ले जा रहे थे। बैलगाड़ी औडेन्य गांव के समीप आकर रुक गई और काफी प्रयास के बाद आगे नहीं बढ़ी तो उस भक्त ने भैरों बाबा की विधि विधान से पूजा अर्चना करके यहीं स्थापित कर दिया। शहर और आसपास यही एक भैरों बाबा का मंदिर है।