मैनपुरी। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के फार्म डिजिटाइज्ड और मैपिंग के कार्य के साथ अब नए मतदाता बनाने का काम भी शुरू हो गया है। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन तरीके से फार्म भर सकते हैं। वहीं दूसरी ओर चुनाव आयोग के एसआईआर की अंतिम तिथि आगे बढ़ानेे के बाद से मैपिंग का काम भी चल रहा है। वहीं अभी इसमें ज्यादा तेजी नहीं आई है। रविवार को अवकाश होने के चलते काम धीमा रहा। 11 दिसंबर के बाद से अब तक करीब 35 हजार मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा हुआ है। अभी भी करीब 2 लाख से ज्यादा मतदाताओं की मैपिंग होना बाकी है।
एसआईआर फार्म को डिजिटाइज्ड और उनकी मैपिंग करने के साथ ही जिला निर्वाचन विभाग ने नए मतदाता बनाने का काम शुरू कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अंजली कुमार सिंह ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को फार्म 6 भरने के लिए कहा गया है। आवेदन भी आने लगे हैं। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मतदाता बनने के लिए फार्म 6 को ऑनलाइन भरने की सुविधा है। अगर कहीं परेशानी आती है तो बीएलओ से मिलकर ऑफलाइन फार्म भर सकते हैं। वहीं पहचान और पते से संबंधित दस्तावेज देने होंगे। जिसके कुछ समय बाद उनके नाम मतदाता सूची से जुड़ जाएंगे।
मैपिंग में सबसे आगे करहल विधानसभा
जनपद में चार विधानसभा हैं। इसमें मैनपुरी, किशनी, करहल, और भोगांव शामिल हैं। जनपद में 14 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। सोमवार दोपहर 2 बजे की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 1173063 मतदाताओं के फार्म डिजिटाइज्ड हो चुके है। वहीं अब तक करीब 224883 फार्म की मैपिंग होना बाकी है। इसमें सबसे तेज करहल विधानसभा है। इसमें 51286 मतदाताओं की मैपिंग होना बाकी है। वहीं इसके बाद भोगांव, किशनी और मैनपुरी हैं।
एसआईआर फार्म की मैपिंग का काम लगातार जारी है। अवकाश की वजह से कार्य कुछ धीमा हुआ होगा। अन्य दिनों में जिले में मैपिंग की प्रगति सही है। शेष फार्म की मैपिंग भी समय पर करा ली जाएगी। नए मतदाता बनने के लिए आवेदन लेना शुरू हो चुका है। अंजनी कुमार सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी
एसआईआर पर सर्व दलीय बैठक में हुई चर्चा
किशनी। तहसील सभागार में सोमवार को एसडीएम गोपाल शर्मा ने सर्व दलीय बैठक का आयोजन किया। एसडीएम ने बीएलए और बीएलओ के बीच सामंजस्य कैसे स्थापित करने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर कुछ ऐसे लोग बाकी हैं जो बीएलओ के जाने पर मिले नहीं अथवा उन्होंने पर्चा जमा नहीं किया, ऐसे बूथों पर बीएलओ रिवीजन की कार्रवाई करें। बीएलओ को पहचान पत्र तथा अन्य लेखन सामग्री के लिए बैग वितरित किए। बताया कि हर बीएलए को बीएलओ के बारे में स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। भाजपा के विनोद चतुर्वेदी, ओमजी दुबे, रमाकांत मिश्रा, सपा के श्याम करण शाक्य, मुकुल यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव, कांग्रेस के राकेश कुमार यादव मौजूद रहे। संवाद
बीएलओ का सहयोग करें सभी बीएलए
कुरावली। तहसील सभागार में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के बूथ लेवल एजेंटों की बैठक हुई। बैठक में एसआईआर के दौरान सामने आई कमियों और खामियों पर चर्चा की गई। इससे मैपिंग प्रभावित हो रही है। मतदाताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उप जिलाधिकारी नीरज द्विवेदी ने बूथ लेवल एजेंटों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्रों में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों का पूरा सहयोग करें। आवश्यक जानकारियां समय से उपलब्ध कराएं। इससे अधिक से अधिक मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा सकें और मैपिंग की स्थिति में सुधार हो। तहसीलदार अरविंद गौतम, नायब तहसीलदार अखिल गोयल मौजूद रहे।
फोटो 13 तहसील सभागार में हुई बैठक में मौजूद भाजपा के बीएलए। संवाद