पीड़ित की मदद के लिए पुलिस अब तत्काल मौके पर पहुंचेगी। पुलिस महकमे में जल्द ही डायल 100 की सेवा शुरू होने जा रही है। पूर्व में कंट्रोल रूम पर सूचना दिए जाने के बाद मौके पर जाने के लिए संबंधित थाने को निर्देशित किया जाता था, मगर जीपीएस से लैस नई सेवा के शुरू होने से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
जिले की पुलिस अब जीपीएस सिस्टम से लैस होने जा रही है। प्रक्रिया को संभवत: अक्तूबर माह में शुरू किए जाने की बात कही गई है। इस नई सेवा के तहत अब 100 नंबर डायल करने पर कर्मियों को थाने में सूचना देने की जरूरत नहीं होगी। जीपीएस सिस्टम और वायरलेस के जरिए सूचना सीधे इलाके में तैनात पुलिस वैन तक पहुंचेगी। नजदीकी टीम तत्काल मदद के लिए मौके पर रवाना होगी।
जिले भर में इस सेवा की शुरुआत के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वाहन चालकों को प्रशिक्षण दिए जाने के साथ ही उन्हें क्षेत्र के सभी पाइंटाें के नक्शे बनाकर जीपीएस पर अपलोड करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नवीनतम प्रक्रिया के तहत फोन आने वाले स्थान से लेकर आसपास का नक्शा भी पल भर में पुलिस के सामने होगा। शासन द्वारा जिले भर में 30 गाड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी। उक्त वाहनों पर 107 कर्मियों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
डायल 100 की सेवा की शुरुआत जल्द की जाएगी। सूचना मिलते ही वाहन पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मदद के लिए मौके पर पहुंचेंगे। वाहन जीपीएस सिस्टम से लैस होने के चलते निर्धारित स्थान पर पहुंचने में काफी मदद मिलेगी।
-शिष्यपाल सिंह, प्रभारी एसपी