ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा व्यवसायियों का आक्रोश थमते नजर नहीं आ रहा है। बुधवार को भी मैनपुरी में सराफा संघ के पदाधिकारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख केंद्र सरकार द्वारा लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के विरोध में प्रदर्शन किया। सराफा व्यवसायियों ने कहा कि जब तक एक्साइज ड्यूटी नहीं हटती वह प्रतिष्ठान बंदकर प्रदर्शन करते रहेंगे। वहीं, मंगलवार रात ज्वैलर्स एसोसिएशन ने वित्त मंत्री की बुद्धि-शुद्धि के लिए सुंदरकांड का पाठ किया।
बुधवार को भी नगर में सराफा व्यवसायियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। इसके बाद सदर बाजार में प्रदर्शन किया। पंकज वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार को एक्साइज ड्यूटी समाप्त करनी चाहिए। हामिद ने कहा कि सराफा कारोबारी पीछे नहीं हटेंगे। जब तक एक्साइज ड्यूटी नहीं हटती आंदोलन जारी रहेगा। सनी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगाई गई एक्साइज ड्यूटी को वापस लेने की मांग लगातार की जा रही है। पूरे देश में सराफा कारोबारी विरोध कर रहे हैं फिर भी सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। मंगलवार की रात ज्वैलर्स एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने सुंदरकांड का पाठ किया। आशीष गुप्ता ने बताया कि पाठ वित्त मंत्री अरुण जेटली की बुद्धि-शुद्धि के लिए किया गया।
इस मौके पर रवि वर्मा, शिवांशू गुप्ता, दीपक वर्मा, रघुनंदन वर्मा, आदेश कुमार, गौरव वर्मा, नवीन वर्मा, सचिन तिवारी, अंकित वर्मा, सचिन गुप्ता, हरिओम यादव, राजीव गुप्ता आदि मौजूद थे।