ग्राम मोहनपुर में गमां देवी मंदिर की प्रतिमाएं तोड़े जाने के मामले को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को मैनपुरी-भोगांव रोड पर ललूपुर के सामने जाम लगा दिया। ग्रामीण मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि मंदिर में तोड़ी गईं प्रतिमाएं तत्काल प्रशासन बदलवाए। करीब एक घंटे तक चला जाम ग्राम प्रधान डा. लाल सिंह, सुनील यादव के समझाने और शनिवार तक नई प्रतिमाएं लगाने के आश्वासन के बाद खोला।
शुक्रवार को मोहनपुर के ग्र्रामीण प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मैनपुरी-भोगांव रोड पर ललूपुर गांव के सामने आ गए। रोड पर अवरोध डालकर ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। ग्रामीण मौके पर डीएम और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि मंदिर में तोड़ी गई प्रतिमाओं को प्रशासन को बदलवाना चाहिए। मैनपुरी-भोगांव रोड पर जाम लगाए जाने से सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण डीएम-एसपी को बुलाने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस के काफी समझाने के बाद भी ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने मोहनपुर के प्रधान डा. लाल सिंह और ब्योंति खुर्द के प्रधान सुनील यादव को बुलवा लिया।
प्रधान और सुनील यादव ने शनिवार तक मंदिर में नई प्रतिमाएं लगवाए जाने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को जाम खोलने को तैयार किया। करीब नौ से 10 बजे तक रहे जाम के दौरान लोगाें को खासी दिक्कत उठानी पड़ी। जाम खुलने के बाद दोनों प्रधान नई प्रतिमाएं लाने के लिए आगरा रवाना हो गए। उधर पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी सलामत खां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी विनीत शाक्य की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले को कर रही कमजोर
बजरंग दल के जिला संयोजक सुशील यादव ने कहा है कि पुलिस मामले में मंदबुद्धि विनीत शाक्य को आरोपी बनाकर मामले को कमजोर करना चाहती है। प्रशासन को आरोपी सलामत खां के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके।