मैनपुरी। बारिश का असर सब्जियों की कीमतों पर दिखाई देने लगा है। खेतों और रास्तों में जलभराव के कारण मंडियों तक सब्जियां पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच रही। कई सब्जियों के दाम 20 से 40 रुपये तक बढ़ गए हैं, जिससे रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों ने बताया कि बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से हरी सब्जियों को सबसे अधिक नुकसान हो रहा है। पालक समेत अन्य पत्तेदार सब्जियां जल्दी खराब हो जाती हैं। खराब होने वाली सब्जियों को व्यापारी कम मात्रा में खरीद रहे हैं, जिससे बाजार में उपलब्धता प्रभावित हुई है। राजा मंडी के सब्जी विक्रेता करन ने बताया कि बारिश के कारण बाहर से आने वाली सब्जियों की आवक पहले की तुलना में कम हुई है।
दुकानदार ने बताया कि बाजार में प्याज के दाम 50 से बढ़कर 60 रुपये, नींबू 120 से 160 रुपये, अदरक 100 से 120 रुपये, गोभी 60 से 80 रुपये, शिमला मिर्च 60 से 80 रुपये, बैंगन 40 से 50 रुपये, परवल 60 से 80 रुपये और पालक 40 से बढ़कर 60 रुपये किलो तक पहुंच गई है। विक्रेताओं के अनुसार बारिश का दौर जारी रहने पर आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव हो सकता है।