फोटो 23 जिले के एक परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकलतीं छात्राएं। संवाद
मैनपुरी। 23 दिन तक चलीं यूपी बोर्ड परीक्षाओं का बृहस्पतिवार को द्वितीय पाली में आयोजित इंटरमीडिएट संस्कृत की परीक्षा के साथ समापन हो गया। परीक्षा समाप्त होने के साथ परिषद ने मूल्यांकन की तैयारियों के निर्देश दिए हैं। 18 मार्च से शुरू होने वाले मूल्यांकन कार्य की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं का आगाज 18 फरवरी से 12 मार्च तक हुआ। बृहस्पतिवार को अंतिम दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल कृषि और इंटरमीडिएट कंप्यूटर विषय की परीक्षा कराई गई। कृषि की परीक्षा सात केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान पंजीकृत 106 में से 104 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इंटर कंप्यूटर विषय की परीक्षा आठ केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान पंजीकृत 120 परीक्षार्थियों में से 118 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शाम की पाली में इंटरमीडिएट संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। प्रश्नपत्र आसान रहा। इसी के साथ यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाओं का समापन हो गया।
परीक्षाएं समाप्त होते ही मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज आगरा रोड मैनपुरी, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवी रोड मैनपुरी , जैन इंटर कॉलेज करहल और नर सिंह यादव इंटर कॉलेज करहल पर मूल्यांकन कार्य होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि लगभग तीन लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य होना है।
डीआईओएस ने परीक्षा में लगे लोगों को दी बधाई
परीक्षाओं के समापन पर जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार और सह जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल ने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों, मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र व्यवस्थापकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे शिक्षकों का आभार जताते हुए बधाई दी।