मैनपुरी के दन्नाहार के गांव सीतापुर में शनिवार दोपहर बारिश और तेज हवा के बीच छप्पर रखते समय दीवार गिरने से मलबे में दबकर चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। शैलेंद्र (25) और चाचा सुधीर (45) की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए गए हैं। एसपी ग्रामीण ने घटनास्थल व जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
गांव निवासी राजीव उर्फ बंटू यादव के घर का छप्पर बारिश और तेज हवा से गिर गया था। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे राजीव अपने चचेरे भाइयों और गांव के कुछ लोगों की मदद से छप्पर को ठीक कर दोबारा दीवार पर रखवा रहे थे। इसी बीच जर्जर दीवार अचानक भरभराकर ढह गई और शैलेंद्र, उनके सगे चाचा सुधीर, रंजीत, राजीव, राधा-किशन और मोहन मलबे में दब गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर सभी दबे लोगों को बाहर निकाला। एंबुलेंस व निजी वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने शैलेंद्र को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुधीर, रंजीत और मोहन को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के लिए आगरा ले जाते समय सुधीर ने शिकोहाबाद के पास दम तोड़ दिया। सुधीर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
गांव सीतापुर में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार और घायलों को शासन स्तर से नियमानुसार हर संभव आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।-अभिषेक तिवारी, एसपी ग्रामीण, मैनपुरी
बरसात में गिरी दीवार, मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत
एटा के अलीगंज के गांव हिम्मतनगर बझेरा में शनिवार को बरसात के दौरान घर की दीवार गिरने से उसके पास बैठे रामप्रसाद (60) मलबे में दब गए। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।