मैनपुरी। शासन और विभाग के बार-बार आदेश के बाद भी निजी कॉलेज संचालक छात्र-छात्राओं का विवरण यू डायस पर अपलोड करने में रुचि नहीं ले रहे हैं। किशनी विकास खंड के 27 कॉलेजों में नवीन शिक्षा सत्र के लिए शून्य छात्र संख्या यू डायस पर नजर आ रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित कॉलेजों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। यदि तीन दिन में यू डायस पर छात्र संख्या अपडेट नहीं की गई तो उनका यू डायस कोड बंद कर दिया जाएगा।
नवीन शिक्षा सत्र की शुरूआत एक अप्रैल से ही हो चुकी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे यू डायस पर छात्र विवरण को अपडेट करें। गत कक्षा से पास होने वाले छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में अपग्रेड किया जाए लेकिन इसके बाद भी किशनी विकास खंड के 27 कॉलेजों ने यू डायस पर एक भी छात्र को दर्ज नहीं किया है। इसके चलते उनके कॉलेज के यू डायस पर छात्र संख्या शून्य नजर आ रही है।
विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने संबंधित कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि तीन दिन के अंदर यू डाइस को अपडेट कर दें अन्यथा उनके कॉलेज का यू डाइस कोड बंद कर दिया जाएगा।