उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बिछवां थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर खिरया के पास शनिवार की सुबह एक ट्रक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर चला रहे किसान सहित दो किसानों की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम कराया है।
ट्रक की टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्राली में लदे आलू के बोरे फट गए। बोरे फटने से बोरों में भरा आलू सड़क पर फैल गया। जीटी रोड पर आलू फैलने तथा दोनों वाहन आसपास खड़े होने से यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने वाहनों को एक ओर से गुजारा। लगभग एक घंटे बाद पुलिस ने यातायात सुचारु करा दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। ट्रक पर लिखे नंबर के आधार पर ट्रक के चालक की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
मुकेश जिस आढ़त पर आलू बेचने के लिए जा रहे थे। उसका आढ़ती एक्सीडेंट की सूचना पर मौके पर पहुंच गया। आढ़ती ने परिजन के कहने पर सड़क पर फैला आलू मजदूरों से एकत्रित कराकर दूसरे ट्रैक्टर से कुरावली मंडी में अपनी आढ़त पर भेज दिया। आढ़त पर आलू पहुंचने के संबंध में आढ़ती ने मुकेश के भाई नेमसिंह को सूचना दे दी है।