उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में बुखार के मरीज तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। बुखार से पीड़ित अलग-अलग क्षेत्र निवासी दो बच्चों ने दम तोड़ दिया। वहीं तीन अन्य बच्चों को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को भर्ती कराया गया। 27 अन्य मरीजों को जिला अस्पताल की ओपीडी में प्राथमिक उपचार दिया गया। मौसम में गर्मी बढ़ते ही बुखार के मरीजों की संख्या भी तेजी के साथ बढ़ने लगी है।
विज्ञापन
जिला अस्पताल हो या निजी क्लीनिक हर जगह बुखार के मरीज पहुंचना शुरू हो गए हैं। शहर के बड़ा चौराहा निवासी कन्हैया के साढ़े पांच माह के पुत्र शिवाय को पिछले कुछ दिनों से सर्दी जुकाम के साथ बुखार की दिक्कत थी। परिजन उसका आगरा से उपचार करा रहे थे। रविवार की सुबह अचानक उसकी फिर से हालत बिगड़ी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव दिवलपुर निवासी शैलेंद्र कुमार की एक माह की पुत्री आयुषी को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर से उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ रही। यहां 27 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गंभीर हालत में तीन बच्चों को भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि दोनों बच्चे मृत अवस्था में ही अस्पताल लाए गए थे।