फोटो17 एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर के पहियों में लगी आग। संवाद
करहल। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात टाइल्स लदे ट्रेलर के पहियों में आग लग गई। चालक ने तुरंत ही गाड़ी को रोक दिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया।
राजस्थान के भीलवाड़ा क्षेत्र के गांव हरपुरा निवासी शंकर लाल ट्रेलर चालक हैं। वह गुजरात के मोरबी से ट्रक ट्रेलर बॉडी में टाइल्स लादने के बाद आजमगढ़ के लिए निकले थे। परिचालक नंद किशोर भी साथ था, रविवार देर रात ट्रेलर जब थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 92.400 किमी पर पहुंचा, तभी पीछे के टायरों से धुआं निकलने लगा। जानकारी के बाद चालक ने ट्रेलर को सड़क किनारे रोक दिया। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक ट्रक के पहिये जल रहे थे। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने टायरों में लगी आग को बुझाया।